नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात के धरमपुर के डूंगरी गांव से अपना 2019 का चुनाव अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इसी गांव से 1980 में उनकी दादी इंदिरा गांधी, 1984 में उनके पिता राजीव गांधी और 2004 में उनकी मां सोनिया गांधी ने अपना चुनावी अभियान शुरू किया था।
कांग्रेस के लिए शुभ है डूंगरी
पार्टी का मानना है कि लाल डूंगरी से चुनावी अभियान को शुरू करना शुभ होगा। ऐसा करने से केंद्र में उनकी सरकार बन सकती है। इस क्षेत्र से कांग्रेस का ऐतिहासिक महत्व जुड़ा है। दक्षिण गुजरात क्षेत्र के कई दूरदराज के गांव केवल कांग्रेस के पार्टी चिन्ह हाथ को पहचानते हैं और केवल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हैं।
इससे भली भांति परिचित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राहुल की रैली से एक दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ धरमपुर में 4,000 से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की एक क्लस्टर मीटिंग का आयोजन किया। बैठक में पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख जीतू वाघानी भी सम्मिलित हुए थे।
भूमि अधिग्रहण का मुद्दा
रैली में राहुल गांधी इस क्षेत्र में बुलेट ट्रेन के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उठा सकते हैं क्योंकि इस परियोजना के कारण अपने उपजाऊ खेतों को खो रहे किसानों में केंद्र सरकार के खिलाफ नाराज़गी है और यह मामला गुजरात उच्च न्यायालय में फैसले का इंतज़ार कर रहा है।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी राज्य को कितना महत्वपूर्ण मानती है, यह प्रदर्शित करने के लिए दक्षिण गुजरात में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की एक बैठक होने की भी संभावना है।