मुंबई I हिन्दी सिनेमा में अपने हर किरदार को बखूबी निभाने वाले सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे। उन्होंने मुंबई के बांद्रा में अपने फ्लैट में रविवार को फाँसी लगा ली। अभी तक जो ख़बर मिल रही है, उसके मुताबिक सुशांत पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन में थे।
सुशांत दिल्ली टेक्नॉलाजिकल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के छात्र रहे लेकिन उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी थी। फिल्मों की तलाश में सुशांत मुंबई आ गए।
महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका को परदे पर जीवंत बनाने वाले सुशांत सिंह राजपूत अपने करियर की शुरुआत टेलिविजन सीरियल “किस देश में है मेरा दिल” से की थी, हालाँकि उन्हें अपने दूसरे सीरियल “पवित्र रिश्ता” से एक पहचान मिली। उनकी आख़िरी फिल्म छिछोरे 2019 में परदे पर आई थी जिसमें उन्होंने श्रद्धा कपूर के साथ काम किया था। उन्होंने “काय पो चे”, “ शुद्ध देसी रोमांस”, “केदारनाथ” और “सोनचिरैया” जैसी कई फिल्मों में काम किया।
दुनिया को अलविदा कह गए, परदे पर हर किरदार को जीवंत बनाने वाले इरफ़ान ख़ान
अपने अभिनय से हिन्दी सिने जगत से जुड़ी दुनिया में उनके चाहने वाले बढ़ते जा रहे थे लेकिन इस बीच सुशांत दुनिया को ही अलविदा कह गए। सुशांत के निधन से हिन्दी सिनेमा जगत शोक में डूबा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
हर पीढ़ी के पसंदीदा अभिनेता ऋषि कपूर ने दुनिया को अलविदा कहा
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत … एक प्रतिभाशाली युवा अभिनेता ने बहुत जल्द दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने टीवी सीरियलों और फिल्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनोरंजन की दुनिया में उनके अभ्युदय ने कई लोगों को प्रेरित किया और वह अपनी कई यादगार भूमिकाओं के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी गहरी संवदेनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।’