प्रतापगढ़ । कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कहा है कि वह एक कायर और कमजोर प्रधानमंत्री हैं।
प्रियंका उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं। प्रियंका ने कहा, “मैंने इनसे बड़ा कायर और कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा। राजनीतिक ताकत बड़े टीवी प्रचार के माध्यम से नहीं आती, यह तब मिलती है जब व्यक्ति इस बात को मानता है कि किसी भी कुर्सी से बड़ी जनता है। व्यक्ति में जनता की परेशानियों को सुनने का, उन्हें दूर करने का और अपनी आलोचनाएं सहने का साहस होना चाहिए। यह प्रधानमंत्री ना ही आप लोगों को सुनते हैं और ना ही आपके सवालों के जवाब देते हैं।”
राबड़ी देवी ने किया नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूर्वी उत्तर प्रदेश की चुनाव प्रभारी हैं, प्रियंका ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस हमेशा से यह मानती आई है कि जनता सबसे बड़ी है। मोदी जी के पास दुनिया घूमने का समय है लेकिन गरीबों के घर जाने का समय नहीं है।
प्रियंका ने कांग्रेस की न्याय योजना समेत पार्टी की तरफ से पहले शुरू की गई बाकी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी।
प्रतापगढ़ में चुनाव 12 मई को है। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार रत्ना सिंह मैदान में हैं।